सहारनपुर। फर्जी फूड अधिकारी बनकर एक दुकान में पहुंचे लोगों को व्यापारियों ने पकड़ लिया। मामले की सूचना खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन के अधिकारियों को दी। विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच पड़ताल में जुट गए। व्यापारी की तहरीर पर पुलिस ने एक नामजद व चार अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। दरअसल, रविवार को दीवानी कचहरी के पास कुछ लोग खाने के लिए एक दुकान पर पहुंचे। उन्होंने खाना खाने के बाद कमियां गिनाते हुए दुकान को बंद कराने और केस दर्ज कराने की धमकी दी। आरोप है कि मामला रफा-दफा करने के लिए उन्होंने व्यापारी से पांच हजार रुपये की मांग की। शक होने पर व्यापारियों ने फूड अधिकारियों को जानकारी दी, जबकि पुलिस को भी सूचना दी गई। पुलिस ने व्यापारी की तहरीर पर एक जितेंद्र व चार अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। उधर, मुख्य सुरक्षा अधिकारी धनंजय शुक्ला ने बताया कि बासी खाने की शिकायत मिली थी, जिस पर जांच की जा रही है। संवाद