सहारनपुर। बेहट रोड पर शुक्रवार की शाम ट्रक की चपेट में आकर बाइक सवार युवक की मौत हो गई, जबकि सदर थाने के सामने बाइक और स्कूटर की भिड़ंत में छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसे जिला अस्पताल से हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
पेपर मिल रोड स्थित इंद्रा कॉलोनी निवासी ओंकार का पुत्र अमित (35) मिर्जापुर के ग्राम असगरपुर से बाइक पर वापस लौट रहा था। बेहट रोड पर महेशरी गांव के समीप ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी। अमित की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रक चालक भाग गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव उठवाया।
उधर, माधोनगर निवासी ऋषभ कौशिक आशा माडर्न स्कूल में कक्षा 12 का छात्र है। ऋषभ शुक्रवार की दोपहर स्कूटर पर स्कूल से घर लौट रहा था। बताया जाता है कि जैसे ही वो सदर थाने के समीप पहुंचा तो सामने से आती बाइक से भिड़ंत हो गई। जिसमें ऋषभ गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर भीड़ लग गई। हादसे के बाद बाइक सवार भाग गया। पुलिस ने घायल ऋषभ को जिला अस्पताल भिजवाने के साथ ही उसके परिजनों को सूचना दी। परिजन अस्पताल पहुंचे। जहां से ऋषभ की गंभीर हालत को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।