सहारनपुर। जिलाधिकारी एके सिंह ने मंगलवार को नगर निगम द्वारा बेहट रोड पर कराए जा रहे निर्माण कार्यों का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य में गुणवत्ता नहीं मिलने पर जेई को सस्पेंड करने और दो ठेकेदारों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने के निर्देश दिए।
नगर निगम बेहट रोड पर नाला निर्माण और चौधरी विहार कॉलोनी में इंटर लॉकिंग टाइल्स लगाने का कार्य करवा रहा है। जिलाधिकारी को निर्माण कार्य में अनियमितता बरते जाने की शिकायत पर मंगलवार को डीएम एके सिंह ने नगर आयुक्त नीरज शुक्ला के साथ मौके पर पहुंचकर नाली निर्माण कार्य का औचक निरीक्षण किया। नाली निर्माण में दोयम दर्जे की ईंटों का इस्तेमाल किया जा रहा था। इस पर उन्होंने कड़ी नाराजगी जताई।
डीएम ने चौधरी विहार कॉलोनी में इंटर लॉकिंग टाइल्स लगाने के कार्य किया जा रहा था। यहां टाइल्स तो ठीक पाई गई, लेकिन भराव कर लेबल में प्रयोग की गई गिट्टी अपर्याप्त मिली। जिलाधिकारी ने गुणवत्ता पूर्ण कार्य न होने पर कड़ी नाराजगी जताते हुए नगर आयुक्त को अवर अभियंता को सस्पेंड करने और संबंधित दोनों ठेकेदारों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने चेतावनी दी कि निर्माण कार्यों में गड़बड़ी किसी भी दशा में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। गड़बड़ी मिलने पर संबंधित जेई और ठेकेदार के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।