सहारनपुर। देवबंद कोर्ट में संविदाकर्मी और एक राज मिस्त्री पर नौकरी लगवाने के नाम पर दो युवकों से आठ लाख रुपये ठगने का आरोप लगा है। पीड़ित युवकों ने एसएसपी को प्रार्थनापत्र देकर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
नागल के गांव साधारणसिर निवासी सकटू पुत्र काला ने एसएसपी को दिए प्रार्थनापत्र में बताया कि गांव खटौली के एक राजमिस्त्री ने सात माह पूर्व उसका मकान बनाया था। उसकी राजमिस्त्री से जान पहचान हो गई। कुछ दिन बाद राजमिस्त्री ने एक युवक से मिलाया। बताया कि यह देवबंद कोर्ट में संविदाकर्मी है और तुम्हारी भी नौकरी लगवा देगा। इसी विश्वास में उसने और गांव के एक अन्य युवक अरुण पुत्र मनफूल ने संविदाकर्मी से बात की। 8-8 लाख रुपये में सौदा तय हुआ और चार-चार लाख पहले दे दिए गए। काफी समय बीत गया पर कोई नौकरी नहीं लगवाई गई। उन्होंने राज मिस्त्री और संविदाकर्मी से बात की, तो उन्हें टाल दिया गया। तब से यही सिलसिला चल रहा है। इसी बीच राजमिस्त्री ने नौकरी लगने की बात बताकर एक युवती से उसकी सगाई कराने का वादा भी किया। देखने दिखाने और अन्य कार्य में उसका करीब 50 हजार रुपये भी खर्च हो गया। अब न तो लड़की वाले कुछ बोल रहे हैं और न ही राज मिस्त्री। उसने एसएसपी से दोनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने की मांग की है।