सहारनपुर। सर्दी में गरीब-बेसहारा लोगों के लिए मंगाए गए कंबल पहली टेस्टिंग में ही फेल हो गए। जिले के 1400 गांवों में बंाटने के लिए मंगाए गए पांच हजार कंबलों की लंबाई और वजन तयशुदा मानकों के विपरीत कम निकलने पर घपले की जांच शुरू हो गई है।
खानापूर्ति का आलम यह है कि प्रति गांव महज 3 से 4 जरूरतमंदों को ही कंबल मिल पाएगा। शासन के मानकों के मुताबिक ऐसे कंबल का वजन 2 किलो 200 ग्राम और लंबाई 72 से 75 इंच के बीच होनी चाहिए, लेकिन बंटने के लिए कलक्ट्रेट पहुंचे कंबल कम वजनी और छोटे हैं। जांच चल रही है, मगर प्रशासनिक अधिकारी चुप्पी साधे हुए हैं। सूत्रों के मुताबिक गोलमाल कर इन्हीं कंबलों को गरीबों के बीच बांटने की तैयारी है। गौरतलब है कि जिले में एक लाख से ज्यादा बीपीएल कार्ड धारक इस राहत योजना के हकदार हैं, मगर प्रशासन की तरफ से महज खानापूर्ति के ही संकेत मिल रहे हैं। एडीएम वित्त और तहसीलदार मामले की जांच कर रहे हैं। अपर जिलाधिकारी वित्त राजवीर सिंह दूहन का कहना है कि जांच की जा रही है।