यूपी बोर्ड परीक्षा के लिए 98 केंद्र बनाए
सहारनपुर। 24 अप्रैल से शुरू हो रही यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षाओं के लिए जनपद में 98 केंद्र बनाए गए हैं। आपत्तियों के निस्तारण के बाद केंद्रों की संख्या सामने आई है। संबंधित केंद्र व्यवस्थापकों को तमाम व्यवस्थाएं जैसे सीसीटीवी, सुरक्षा के लिए खिड़की और दरवाजे तथा फर्नीचर आदि दुरुस्त करा लेने के निर्देश दिए हैं। जिससे परीक्षाओं में किसी प्रकार की कोई परेशानी सामने ना आए।
परीक्षा के लिए पहले 104 केंद्र निर्धारित किए गए थे, जिन पर 30 जनवरी तक आपत्तियां मांगी गई थी। कुल 123 आपत्तियां विभाग को प्राप्त हुई थी। इनमें परीक्षा केंद्र अधिक दूर बनाने को लेकर 71, अधिक परीक्षार्थी आवंटित करने संबंधी 22, नए परीक्षा केंद्र बनाने के संबंध में 16, परीक्षा केंद्र नहीं बनाने के संबंध में 14 आपत्ति शामिल थी। संबंधित आपत्तियों को लेकर जिलाधिकारी अखिलेश सिंह की अध्यक्षता में एक फरवरी को कलक्ट्रेट में बैठक हुई थी। आपत्तियों के निस्तारण के लिए संबंधित एसडीएम को केंद्रों की जांच करने के निर्देश दिए गए थे। तमाम आपत्तियों के निस्तारण के बाद 98 केंद्र फाइनल किए गए हैं। खास बात यह है कि निस्तारण में 104 में से 23 विद्यालय हटाए गए हैं, जिनमें एक विद्यालय को डिबार भी किया गया है। जबकि 17 नए विद्यालय जोड़े गए हैं।
जनपद में परीक्षार्थियों की स्थिति
कुल परीक्षार्थी---------73946 (बालिका 32833), (बालक 41113)
हाईस्कूल-------------38812 (संस्थागत 38094), (व्यक्तिगत 718)
इंटरमीडिएट-----------35234 (संस्थागत 32561), (व्यक्तिगत 2573)
जनपद में यूपी बोर्ड परीक्षाओं के लिए 98 केंद्र फाइनल किए गए हैं। जिन पर 73946 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। परीक्षाएं 24 अप्रैल से शुरू हो रही हैं, जिनकी तैयारियां चल रही हैं। परीक्षाओं को नकल विहीन कराना पहली प्राथमिकता रहेगी, जिसके लिए केंद्र व्यवस्थापकों को पहले ही निर्देशित किया जा चुका है।
- डॉ. अरुण कुमार दूबे, डीआईओएस।