राज्य ओपन एथलेटिक्स प्रतियोगिता में चयन के लिए 16 को होगा ट्रायल
सहारनपुर। 27वीं राज्य ओपन एथलेटिक्स प्रतियोगिता 23 से 25 मई तक होगी। प्रतियोगिता के कुछ इवेंट कानपुर और कुछ प्रयागराज में होंगे। प्रतियोगिता के लिए जनपदीय टीमों का गठन 16 मई को ट्रायल के आधार पर होगा। खास बात यह है कि प्रतियोगिता में खेलने के लिए खिलाड़ियों को जेब ढीली करनी होगी।
जिला एथलेटिक्स संघ के सचिव डॉक्टर एके गुप्ता ने बताया कि प्रतियोगिता में बालक और बालिका दोनों हिस्सा ले सकते हैं। प्रतियोगिता में हिस्सा लेने वाले खिलाड़ी का जन्म एक जनवरी 2004 से पहले का होना चाहिए। बालक खिलाड़ियों के लिए एक इवेंट 200 रुपये और दो इवेंट के लिए 300 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है, जबकि बालिकाओं के लिए एक इवेंट के लिए 100 रुपये और दो इवेंट के लिए 150 रुपये शुल्क रखा गया है। एक खिलाड़ी अधिकतम दो इवेंट में प्रतिभाग कर सकता है। ट्रायल में हिस्सा लेने से पहले खिलाड़ियों को रजिस्ट्रेशन कराना होगा। इसके फॉर्म संघ के उपाध्यक्ष यशपाल सिंह, स्टेडियम कोच लाल धर्मेंद्र प्रताप और सारंग स्पोर्ट्स पर उपलब्ध होंगे। ट्रायल 16 मई की सुबह आठ बजे से डॉक्टर भीमराव आंबेडकर स्पोर्ट्स स्टेडियम में होगा।