सहारनपुर। अभिभावकों के बार-बार आवाज उठाने के बाद भी प्राइवेट स्कूल संचालकों की मनमानी जारी है। संयुक्त अभिभावक संघ से जुड़े अभिभावक स्कूलों की शिकायत लेकर बुधवार को जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय पहुंचे। अभिभावकों ने स्कूलों के प्रति नरम रवैया अपनाने का आरोप प्रशासन और विभाग पर लगाया।
डीआईओएस से मिलने पहुंचे जयवीर राणा, योग चुघ, मयंक जौली ने बताया कि स्कूल संचालकों ने इस बार भी अपने हिसाब से फीस बढ़ा दी है, जिसे लेकर अभिभावकों में नाराजगी है। उन्होंने बताया कि स्कूल संचालकों की मनमानी पर अंकुश लगाने की मांग को लेकर वह महीने भर से अधिकारियों से मिल रहे हैं। डीआईओएस ने जनपदीय शुल्क नियामक समिति बनाने का आश्वासन दिया था, जो स्कूलों की फीस तय करेगी। आरोप है कि अभी तक समिति नहीं बनी है। जिसकी वजह से स्कूल संचालकों की मनमानी जारी है। उन्होंने समिति में अभिभावकों को रखने और फीस वृद्धि अधिकतम आठ प्रतिशत कराने की मांग की। इस दौरान हरीश मनचंदा और मोनू खन्ना आदि मौजूद रहे।
स्कूलों की छुट्टी 12 बजे करने की मांग
अभिभावकों ने सरकारी स्कूलों की छुट्टी दोपहर 12 बजे करने की मांग की है। उन्होंने अधिकारी को बताया कि भीषण गर्मी के चलते तमाम प्राइवेट स्कूलों में 12 बजे तक छुट्टी हो रही है, मगर सरकारी स्कूल अब भी दोपहर दो बजे तक खोले जा रहे हैं, जिससे बच्चों को स्कूलों में बैठने में परेशानी हो रही है। बच्चों की समस्या को देखते हुए स्कूलों के समय में परिवर्तन किया जाए।