सहारनपुर। सहारनपुर में राज्य विश्वविद्यालय की स्थापना के लिए फाइल कैबिनेट ने राज्यपाल के अनुमोदन को भेज दी गई है। कैबिनेट के इस कदम से जनपद में सूटा पदाधिकारियों में खुशी की लहर है। उम्मीद है कि आगामी सत्र से विश्वविद्यालय में कक्षाएं शुरू होंगी।
राजकीय महाविद्यालय पुंवारका को विश्वविद्यालय के रूप में विकसित करने के लिए चुना गया है। महाविद्यालय परिसर में विश्वविद्यालय के प्रशासनिक भवन के निर्माण की संस्तुति भी मंडलायुक्त द्वारा शासन से कर दी गई है। जल्द ही शासन की टीम महाविद्यालय का दौरा करेगी, जिसकी तैयारियां महाविद्यालय में चल रही हैं।
उधर, शनिवार को कैबिनेट द्वारा अध्यादेश पास कर दिया गया। सूटा (सहारनपुर यूनिवर्सिटी टीचर्स एसोसिएशन) के सचिव डॉक्टर संदीप गुप्ता ने बताया कि कैबिनेट ने संविधान के अनुच्छेद -213 के खंड-1 द्वारा प्रदत्त शक्ति का प्रयोग करके उत्तर प्रदेश राज्य विश्वविद्यालय अध्यादेश 2019 को प्रख्यापित करने का अनुरोध राज्यपाल से किया है। इसमें सहारनपुर में राज्य विश्वविद्यालय की स्थापना के साथ ही इलाहाबाद राज्य विश्वविद्यालय का नाम परिवर्तित कर प्रोफेसर राजेंद्र सिंह उर्फ रज्जू भैया विश्वविद्यालय प्रयागराज करने तथा डॉ. राम मनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय फैजाबाद के नाम में फैजाबाद को अयोध्या से प्रतिस्थापित करने के लिए संशोधन प्रस्तावित किया है। उन्होंने बताया कि राज्यपाल से हरी झंडी मिलते ही विश्वविद्यालय का रास्ता पूरी तरह साफ होगा। उन्होंने उम्मीद जताई है कि आगामी सत्र से विश्वविद्यालय में कक्षाएं संचालित होंगी।