स्वस्थ भारत यात्रा का कसबे में जोरदार स्वागत
गागलहेड़ी। लेह लद्दाख से शुरू हुई स्वस्थ भारत यात्रा का कस्बे में पहुंचने पर भव्य स्वागत किया गया। यात्रा का उद्देश्य स्वस्थ रहने के लिए लोगों को फोर्टिफाइड खाद्य पदार्थ के प्रयोग के लिए जागरूक करना है।
शनिवार दोपहर बाद कस्बे में पहुंची स्वस्थ भारत यात्रा में शामिल साइकिल सवार एनसीसी कैडेट का एसडीएम सदर परमानंद झा, सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा संदीप चौरसिया, अभिहित अधिकारी रणधीर सिंह ने स्वागत किया। सहायक आयुक्त संदीप चौरसिया ने बताया कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 150वीं जयंती पर 16 अक्टूबर से लेह लद्दाख से यह यात्रा शुरू हुई है। यह यात्रा हरियाणा, पंजाब, हिमाचल आदि राज्यों में भी जागरूकता संदेश फैलाएगी। इसका उद्देश्य फोर्टिफाइड खाद्य पदार्थ के प्रयोग के प्रति जागरूकता लाना है। उत्तराखंड से शनिवार को यात्रा ने उत्तर प्रदेश में प्रवेश किया। यात्रा का स्थानीय व्यापारियों मोहन लाल मेहंदीरत्ता, आदेश गुप्ता, संजय यादव, तेजेंद्र, पवन दुआ, कुलदीप, पूर्व प्रधान धर्मवीर पाल आदि ने जोरदार स्वागत किया। मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी सतीश कुमार समेत खाद्य सुरक्षा विभाग से जुड़े अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।