सहारनपुर। जेवी जैन कॉलेज में वायलिन की धुनों पर श्रोता देर शाम तक झूमते रहे। मौका था सरस्वती संगीत अकादमी की ओर से स्वर सम्राट मायाराम की स्मृति में आयोजित श्रृद्धांजलि 2018 कार्यक्रम का, जिसमें दिल्ली से आए वायलिन वादक संतोष कुमार नाहर ने वायलिन पर बेजोड़ प्रस्तुतियां देकर श्रोताओं का दिल जीत लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ रविवार की शाम स्वर सम्राट मायाराम के चित्र के सम्मुख दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इसके बाद संतोष कुमार नाहर की वायलिन प्रस्तुति हुई। उन्होंने अनेक रागों को वायलिन पर बजाकर तालियां बटोरी। गायन में ग्वालियर घराने के शास्त्रीय गायक संदीप रोशन और शिवा रोशन ने शानदार प्रस्तुति दी। तबले पर हर्ष कुमार तथा हारमोनियम पर नितिन कुमार ने संगत की। रोशनलाल वर्मा, शिवा रोशन, मुकेश शर्मा, डॉ. आकांक्षा ठक्कर, मीतू वर्मा, लोकपाल तोमर, रीना वर्मा, अमिता अग्रवाल, शालिनी वर्मा आदि मौजूद रहीं।