गंगोह (सहारनपुर)। बुधवार सुबह आए तेज तूफान में मोहल्ला इलाहीबख्श में विद्युत की एचटी लाइन का खंभा टूट कर गिर गया। इसके अलावा अनेक स्थानों पर तारों के टूटने से आधा दर्जन मोहल्लों की विद्युत आपूर्ति ठप हो गई। दोपहर बाद नगर की आपूर्ति चालू करा दी गई, जबकि अनेक गांवों की सप्लाई चालू नहीं हो सकी।
बुधवार सुबह आए तूफान के बाद नगर की विद्युत आपूर्ति बंद हो गई थी। विद्युत तारों के टूटने के कारण तूफान रुकने के बाद भी आपूर्ति चालू नहीं हो सकी। तेज हवा से मोहल्ला इलाही बख्श में रशीद अहमद गंगोह मार्ग पर खड़ा एचटी तार का खंभा भी टूट कर गिर गया। इस कारण मोहल्ला मखदूम जहां, बाहुद्दीन, अनार कली, अशरफ अली, कोटला, बाबू राय एवं सराफा बाजार की आपूर्ति ठप हो गई। आपूर्ति ठप होने से उमस भरी गर्मी में लोग परेशान रहे। गर्मी के कारण रोजेदारों को भी हलकान होना पड़ा। विद्युत कर्मियों ने प्रयास कर दोपहर बाद नगर की आपूर्ति बहाल कर दी। देहात क्षेत्र के अनेक गांवों की आपूर्ति शाम तक बहाल नहीं हो पाई थी।