गंगोह (सहारनपुर)। गर्मी के मौसम में पीने के पानी की किल्लत लगातार बढ़ती जा रही है। ठप पडे़ हैंडपंपों को ठीक कराने की तरफ किसी का ध्यान नहीं जा रहा। संबंधित अधिकारियों को शिकायत किए जाने के बावजूद कही कोई सुनवाई नहीं हो पा रही है। सरकारी कार्यालयों में भी हालत बदतर बनी हुई है।
गांव में और सार्वजनिक स्थलों पर लगे सैकड़ों हैंडपंप मरम्मत के अभाव में ठप होते जा रहे हैं। नगर व देहात क्षेत्र में ठप पडे़ हैंडपंपों की संख्या लगभग 400 बताई जाती है। नगरपालिका के अंतर्गत खराब पडे़ व रिबोर होने वाले हैंड पंपों की संख्या 56 है। इनमें से कुछ तो मामूली सी मरम्मत से ही ठीक हो सकते हैं। इतना ही नहीं अधिकांश सरकारी कार्यालयों कोतवाली, ब्लाक, सीओ कार्यालय, सीएचसी व मंडी समिति सहित सार्वजनिक स्थलों पर हैंड पंप ठप पडे़ है। जिसके कारण तमाम लोगों को पीने के पानी के अभाव में बेहद दिक्कत का सामना करना पड़ता है। नगरपालिका के अधिशासी अधिकारी कृष्ण मुरारी व बीडीओ के अनुसार ठप पडे़ हैंड पंपों के बारे में जल निगम को पत्र लिखे जा चुके हैं। उन्होंने अतिशीघ्र समाधान का भरोसा दिलाया है। बढ़ती गर्मी के साथ साथ पेयजल संकट आम आदमी की परेशानी का सबब बनता जा रहा है। विधायक प्रदीप चौधरी ने भी जिला अधिकारी से इस बारे त्वरित कार्रवाई की मांग की है।