सहारनपुर। सांसद राघव लखनपाल शर्मा ने केंद्रीय सड़क एवं जल संसाधन विकास मंत्री नितिन गडकरी से मिलकर हिंडन नदी की सफाई और ढमोला नदी में पाइप लाइन परियोजना को शुरू कराने की मांग की।
बुधवार को नई दिल्ली में सांसद ने केंद्रीय मंत्री से मुलाकात कर जिले की कई समस्याओं पर चर्चा की। उन्होंने हिंडन नदी की सफाई कार्यक्रम के अंतर्गत नया सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट लगाने की मांग की। केंद्रीय मंत्री ने आश्वासन दिया कि इस संबंध अधिकारियों को निर्देशित किया गया है। इसके लिए जल्द ही टेंडर कराकर कार्य शुरू किया जाएगा। इसके अलावा सांसद ने बेहट बस स्टैंड से मां शाकंभरी देवी मंदिर भवन तक मार्ग को राष्ट्रीय राजमार्ग के रूप में विकसित कर फोरलेन बनाए जाने का आग्रह किया। सांसद ने कहा कि मां शाकंभरी देवी दर्शन के लिए लाखों श्रद्धालु पहुंचते हैं। इसलिए सिद्धपीठ मां शाकंभरी देवी मंदिर का सुंदरीकरण करना आवश्यक है। केंद्रीय मंत्री ने जुलाई तक कार्य शुरू कराए जाने का आश्वासन दिया है।