सहारनपुर। खनन विभाग द्वारा ई टेंडरिंग से जिले में छोडे़ गए पांच खनन पट्टों को लेकर कोर्ट द्वारा रोक लगाए जाने की चर्चा जोरों पर है। हालांकि जिला खान अधिकारी इससे पूरी तरह अनभिज्ञता जता रहे हैं। उनका कहना है कि अभी तक उनके पास इस तरह की कोई सूचना नहीं है।
जिले में खनन विभाग द्वारा 40 में से 5 खनन पट्टों की ई नीलामी कराई गई है। इनमें रहणा, नुनियारी, ढिक्का कलां, दरिया बरामद और कालूवाला पहाड़ीपुर के खनन पट्टे शामिल हैं। इन पट्टों को प्राप्त करने वाली फर्मों ने खान विभाग को पहली किश्त और सिक्योरिटी मनी के तौर पर 47 करोड़ रुपये भी जमा करा दिए हैं। शुक्रवार को सोशल मीडिया पर चर्चा ने जोर पकड़ा कि वाजिद अली की एक याचिका पर कोर्ट ने इन पट्टों की नीलामी प्रक्रिया पर रोक लगा दी है। आने वाले एक दो दिन में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। लेकिन अभी तक इसी पुष्टि किसी भी अधिकारी ने नहीं की है। जिला खान अधिकारी पंकज कुमार सिंह ने बताया कि उनके पास इस तरह की कोई जानकारी अभी तक नहीं है। उन्होंने बताया कि वे दिल्ली से भी पता कराने का प्रयास किया लेकिन अभी तक कोई सूचना नहीं मिल सकी।