देवबंद (सहारनपुर)। सहकारी गन्ना समिति द्वारा कुरलकी गांव को कम इंडेंट जारी करने तथा कुछ क्रय केंद्रों पर पर्ची को लेकर किसानों में भारी रोष है। बुधवार को गांव के किसानों ने गन्ना आयुक्त को पत्र भेजकर शिकायत की जांच कराकर कार्रवाई की मांग की है।
कुरलकी गांव के किसान सुखपाल सिंह, राजबीर सिंह, सतेंद्र कुमार, आर्य कुमार, भारतवीर, पवन कुमार, सुधीर कुमार, चांदवीर, प्रदीप कुमार, बबीता, हरेंद्र कुमार, रामपाल आदि ने बताया कि सहकारी गन्ना समिति द्वारा कम इंडेंट जारी करने के विरोध में कई बार वह समिति के विशेष सचिव को प्रार्थना देकर अपनी शिकायत दर्ज करा चुके हैं। बावजूद इसके सचिव ने कोई ध्यान नहीं दिया, जबकि उनके गांव की गन्ना आपूर्ति अच्छी है, लेकिन प्रतिदिन 300 कुंतल इंडेंट दिया जा रहा है। जो कि गांव की सप्लाई के हिसाब से कम है। वहीं दूसरे गांव डेहरा व गंगदासपुर जट का बेसिक कोटा उनके गांव से काफी कम है। लेकिन इंडेंट ज्यादा दिया जा रहा है। किसानों का आरोप है कि समिति गन्ना पर्ची बनाने में भी भेदभाव कर रही है। कुछ सेंटरों पर 28 तो कुछ सेंटरों पर 22 कुंतल की पर्ची बनाई जा रही है। इस प्रकार का भेदभाव बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। किसानों ने गन्ना आयुक्त से शिकायत की जांच कराकर कार्रवाई की मांग की है। प्रार्थना पत्र की प्रतिलिपि उप चीनी आयुक्त तथा जिला गन्ना अधिकारी को भी भेजी गई है। इस दौरान अजीत सिंह, कन्हैया, सत्यदेव, कालूराम, चमन सिंह, शरण सिंह, हरवीर, संदीप कुमार आदि रहे।