पर्चियां न मिलने पर किसानों ने किया प्रदर्शन
गंगोह। गन्ना पर्ची ना मिलने से गुस्साए किसानों ने हाथों में गन्ना लेकर नारेबाजी के साथ प्रदर्शन किया। किसानों ने अविलंब समस्या का समाधान ना होने पर सड़कों पर उतरकर आंदोलन करने की चेतावनी दी।
ग्राम मोहम्मदपुर गुर्जर में प्रधान प्रतिनिधि वीरसेन सिंह, अनिल शर्मा, विक्रम सिंह, मान सिंह, राजेंद्र शर्मा, रामकुमार, राजीव, महेंद्र एवं मांगेराम आदि किसानों ने प्रदर्शन किया। किसानों का कहना था कि भाजपा सरकार किसान विरोधी मानसिकता के साथ काम कर रही है। सरकार ने 14 दिन में भुगतान करने की बात कही थी, लेकिन गन्ना मिल ने 4 जनवरी के बाद अभी तक कोई भुगतान नहीं किया है। इससे किसानों को आर्थिक संकट से जूझना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि पर्ची ना मिलने के चलते किसानों को गन्ना खेत में खड़ा है। जबकि गेहूं की फसल तैयार होने को है। इससे गेहूं कटाई के कारण आगे मजदूरों का भारी संकट हो जाएगा और गन्ना छीलने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ेगा। किसानों ने प्रशासन से समस्या के अविलंब समाधान की मांग की।