सहारनपुर। सर्वाइकल कैंसर महिलाओं के लिए बड़ी समस्या बनता जा रहा है। अकेले भारत में हर साल करीब 74 हजार महिलाओं की मौत का कारण सर्वाइकल कैंसर बनता है। यह जानकारी महिला चिकित्सकों ने महिला स्वास्थ्य जांच एवं जागरूकता शिविर में दी। इस दौरान महिलाओं की अनेक तरह की जांचें भी की गईं।
सहारनपुर ऑब्स एंड गायनोकोलॉजिकल सोसायटी की ओर से रविवार को नवाबगंज स्थित केपी मैटरनिटी सेंटर में आयोजित शिविर का उद्घाटन डीएम पीके पांडेय और सीएमओ डॉ. बीके सोढी ने संयुक्त रूप से किया। संस्थाध्यक्ष डॉ. रेखा ने बताया कि शिविर में महिलाओं को जागरूक करने के साथ ही उनकी बीएमडी, एनीमिया रोग, डायबिटीज, थायराइड और सर्वाइकल कैंसर आदि की जांचें भी की गईं। डॉ. इंदिरा भार्गव ने कहा कि अधिकतर बीमारियां संक्रमण से न होकर हमारे गलत खान पान और दिनचर्या की वजह से भी होती हैं, जबकि कुछ बीमारियां जेनेटिक यानी पीढ़ी दर पीढ़ी चलती हैं। डॉ. गायत्री, डॉ. अनीता मलिक, डॉ. सीमा अग्रवाल, डॉ. पूनम त्यागी, डॉ. कहकशा, डॉ. नूतन उपाध्याय, डॉ. ममता पांडेय, रचना, शारदा, संदीप कुमार आदि मौजूद रहे।
नेशनल मेडिकल काउंसिल बिल के खिलाफ रैली
आईएमए की ओर से नेशनल मेडिकल काउंसिल बिल के खिलाफ जागरूकता लाने के लिए साइकिल रैली निकाली गई। रैली आईएमए भवन हकीकतनगर से शुरू होकर घंटाघर को होते हुए वापस आईएमए भवन पहुंची। अध्यक्ष डॉ. मोहन पांडेय ने कहा कि बिल में अनेक खामियां हैं, जिन्हें दूर किया जाना जरूरी है। डॉ. सुदर्शन नागपाल, डॉ. अरुण कुमार जैन, डॉ. वीके भार्गव, डॉ. राजेश शर्मा, डॉ. संदीप गर्ग, डॉ. पंकज खन्ना, डॉ. सीमा शर्मा, डॉ. उदयराज आदि मौजूद रहे।