नानौता (सहारनपुर)। चीनी मिल से गन्ना तुलवाकर जा रहे टैक्टर-ट्राली को वाहन ने जबरदस्त टक्कर मार दी। इसमें चालक किसान की मौके पर ही मौत हो गई। किसान की मौत पर परिवार में कोहराम मच गया। पीड़ित पिता की ओर से थाने पर अज्ञात वाहन के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
बुधवार सुबह करीब 4:30 बजे थाना तीतरो क्षेत्र के गांव ठोल्ला निवासी किसान गोल्डी उर्फ विजय (38) पुत्र रविन्द्र सिंह नानौता स्थित किसान सहकारी चीनी मिल में अपना गन्ना ट्रैक्टर ट्राली से तुलवाकर अपने गांव की ओर जा रहा था। बताया जाता है कि गांव टिकरौल की सीमा में पीछे की ओर से आए एक वाहन ने ट्रैक्टर ट्राली में जोरदार टक्कर मार दी। इसके चलते ट्रैक्टर ट्राली सड़क किनारे खेतों में अनियंत्रित होकर पलट गई। इसमें किसान गोल्डी की मौके पर ही मौत हो गई। सुबह होने पर खेतों पर घूमने पहुंचे ग्रामीणों ने ट्रैक्टर ट्राली को सीधा करते हुए मृत किसान को बाहर निकाला।
सूचना पर पहुंची पुलिस द्वारा इसकी जानकारी मृतक के परिजनों को दी गई। सूचना मिलते ही पूरे परिवार में कोहराम मच गया।