छुटमलपुर (सहारनपुर)। दो दिन पूर्व पश्चिमी उप्र संयुक्त उद्योग व्यापार मंडल के नगर अध्यक्ष मांगेराम शर्मा के साथ हुई मारपीट में नामजद आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर शनिवार को बड़ी संख्या में व्यापारियों ने थाने पहुंच कर थानाध्यक्ष से मुलाकात की। एसओ ने जांच कर उचित कार्रवाई का आश्वासन व्यापारियों को दिया है।
बता दें कि दो दिन पूर्व कार से पत्नी के साथ लौटते समय मांगेराम शर्मा के साथ बाइक सवार चार युवकों ने महाराणा प्रताप कालोनी के सामने मारपीट कर दी थी। आरोप था कि कार के शीशे तोड़ने के साथ ही अंगूठी और 25 हजार की नगदी भी लूट ली थी। इसकी तहरीर व्यापारी नेता द्वारा थाने में दी गई थी लेकिन पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की। इसके विरोध में शनिवार को प्रवेज अंसारी, प्रमोद भारद्वाज, विनोद गोयल, उपेंद्र सैनी, विकास गुप्ता, मुकेश शर्मा, संदीप रोहिला, राजीव पाराशर, रविश सैनी, मो. इरशाद, विपिन सिंघल, राजकुमार बड़थवाल, सोनू सोनी, संजय भगत, दीपक सेठ आदि व्यापारी थाने पहुंचे। उन्होंने थानाध्यक्ष भानू प्रताप सिंह से मिलकर हमलावरों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। एसओ ने व्यापारियों को बताया कि वे मामले की जांच कर रहे हैं। हर हाल में दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इसके बाद व्यापारी लौटे।