सहारनपुर। पूर्व केंद्रीय मंत्री राजीव शुुक्ला ने कहा है कि नगर निकाय चुनाव में कांग्रेस का सीधा मुकाबला भाजपा से है। कांग्रेस को लोगों का समर्थन मिल रहा है। गुजरात में भी जनता बदलाव चाहती है। लोगों का समर्थन कांग्रेस के साथ है।
पूर्व केंद्रीय मंत्री राजीव शुक्ला शनिवार को कांग्रेस के नगर निगम के मेयर प्रत्याशी शशि वालिया के आवास पर पत्रकारों से वार्ता कर रहे थे। सहारनपुर में कांग्रेस जीत दर्ज करेगी। उन्होंने कहा कि आम आदमी की बात तो दूर की है भाजपा ने भगवान से भी धोखा किया है। हर वर्ग का व्यक्ति भाजपा से परेशान है। अच्छे दिन नहीं आम आदमी पुराने खराब दिन ही वापस मांग रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने तो जीएसटी का प्रस्ताव रखा था उसमें अधिकतम 18 प्रतिशत का टैक्स था। लेकिन उसे लागू नहीं किया। भाजपा ने बिना तैयारी के जीएसटी लागू कर दिया अब बार-बार संशोधन कर रहे हैं। नोटबंदी भी बिना किसी योजना के कर दी। भाजपा ने लोगों को रोजगार का आश्वासन दिया, अर्थव्यवस्था सुधारने, रुपये की कीमत बढ़ाने का आश्वासन दिया। लेकिन कुछ नहीं करा सके। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि गुजरात में जनता बदलाव चाहती है। वहां लोग कांग्रेस के साथ आ चुके हैं। उन्होंने ईवीएम में गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए कहा कि यह गंभीर मामला है। इसकी जांच होनी चाहिए। चुनाव आयोग को अपनी विश्वसनीयता कायम रखनी होगी। एक अन्य सवाल के जवाब में राजीव शुक्ला ने कहा कि राहुल गांधी जल्दी ही कांग्रेस के अध्यक्ष बनेंगे। प्रदेश अध्यक्ष राजबब्बर के बारे में अफवाहें गलत हैं। इस मौके पर जावेद साबरी, महेंद्र तनेजा, मसूद अख्तर, नरेश सैनी, गणेश दत्त शर्मा, राजकुमार राजू, नसीब खान, काजी फरहान मौजूद रहे।