सरकारी योजनाओं से वंचित रहेंगे पंजीकरण न कराने वाले मदरसे
सहारनपुर। ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन नहीं कराने वाले मदरसों को सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं मिलेगा। जिले के 725 मदरसों में से 610 ने ही पंजीकरण कराया है। रजिस्ट्रेशन ना कराने वाले मदरसों को जिला अल्पसंख्यक विभाग नोटिस भेजेेगा।
प्रदेश में योगी सरकार बनने के बाद शासन ने निर्देश दिए थे कि सभी मदरसों को ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कराना है। इसके लिए 15 नवंबर अंतिम तिथि निर्धारित की गई थी। जिले में 725 मदरसे हैं, जिनमें से 625 ने पंजीकरण करा लिया, लेकिन 110 मदरसा संचालकों ने पंजीकरण नहीं कराया। जिला अल्पसंख्यक विभाग ऐसे मदरसों को सूची तैयार कर रह है, जिन्होंने पंजीकरण नहीं कराया है। यह मदरसे सरकारी योजनाओं से वंचित रहेंगे। सरकार की तरफ से दी जाने वाली किसी भी सुविधा का लाभ नहीं मिलेगा। जिला अल्पसंख्यक अधिकारी पुष्पेंद्र ने बताया कि रजिस्ट्रेशन न कराने वाले मदरसों को सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं मिलेगा। इन मदरसों की मान्यता रद्द की जाएगी।
--
प्रधानाध्यापक को किया सम्मानित
सहारनपुर। स्वच्छ भारत मिशन के तहत बलियाखेड़ी ब्लॉक के गांव छिदबना के प्राथमिक विद्यालय की प्रधानाध्यापक सीमा सिंह को सबसे स्वच्छ स्कूल बनाने पर प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। जिलाधिकारी पीके पांडेय और ब्लॉक प्रमुख ने उन्हें सम्मानित किया। इस कार्यक्रम में जनपद के 20 विद्यालयों ने भाग लिया था। इस दौरान डीपीआरओ सतीश कुमार, डीडीओ मंशाराम यादव मौजूद रहे।