बड़गांव (सहारनपुर)। चकबंदी की कार्यवाही पूरी नहीं होने के कारण कई गांवों के किसानों को फसली ऋण लेने में भारी परेशानियों को सामना करना पड़ रहा है। गांव चंदपुर व भगवानपर के किसानों ने एसडीएम रामपुर मनिहारान को शिकायत कर कागजात की कार्यवाही पूरी कराने की मांग की है। चंदपुर निवासी सुभाष, सोमबीर, ओमबीर, रामकुमार, रामभूल, सोनू आदि ने एसडीएम को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि गांव की चकबंदी प्रक्रिया पूरी होने को है। उनके गांव के किसानों ने अपने ऋण जमा कर दिए, लेकिन वे अभी अभिलेखों में दर्ज नहीं हो सके जिस कारण किसानों को आगे ऋण लेने में दिक्कत आ रही है। जब तक जमा किया हुआ ऋण उनकी खतौनी में दर्ज नहीं होगा, तब तक बैंक कर्ज नहीं देगा। ऐसा ही मामला भगवानपुर गांव के किसानों का है।