गंगोह (सहारनपुर)। पूर्व विधायक डॉ. सुशील चौधरी आठ नवंबर को पूर्व केन्द्रीय मंत्री व कांग्रेस महासचिव गुलाम नबी आजाद की मौजूदगी में कांग्रेस में वापसी की घोषणा करेंगे।
सोमवार को अपने आवास पर आहूत समर्थकों की बैठक में पूर्व कैबिनेट मंत्री चौ. यशपाल सिंह के भतीजे व कांग्रेस विधायक डॉ. सुशील चौधरी ने उक्त निर्णय लिया। वर्तमान में डॉ. सुशील चौधरी बसपा में थे। इससे पूर्व वक्ताओं ने सपा, बसपा व भाजपा के खिलाफ जमकर बयानबाजी की। भाजपा को किसान मजदूर विरोधी बताते गन्ने के मूल्य में मात्र दस रुपये की बढ़ोत्तरी को किसान हितों के साथ खिलवाड़ करने की संज्ञा दी। इसके अलावा जीएसटी व नोटबंदी को गरीबों के प्रति अन्याय बताया। पूर्व विधायक डॉ. सुशील चौधरी ने कार्यकर्ताओं के प्रति आभार जताते हुए आगामी 8 नवंबर को अधिकाधिक संख्या में पूर्व केन्द्रीय मंत्री व कांग्रेस महासचिव गुलाम नबी आजाद के रोड शो में शामिल होने की अपील की। अन्य वक्ताओं में पूर्व प्रधान रईस उर्फ भुंडा कुंडा खुर्द, चौ. रामपाल चेयरमैन, राजेश सैनी, गुफरान लखनौती, राजबीर प्रधान माधोपुर, शीसपाल, इशहाक कुरैशी आदि शामिल रहे। अध्यक्षता चकवाली के प्रधान शादी राम शर्मा आर संचालन बिलासपुर के पूर्व प्रधान मांगे राम सैनी ने किया। इस मौके पर सोमप्रकाश, अंग्रेज, रोहित, इरशाद आदि मौजूद रहे।