सरसावा (सहारनपुर)। डेरे के साध्वी के साथ यौन शोषण के मामले में सीबीआई कोर्ट द्वारा डेरा सच्चा सौदा के प्रमुख गुरमीत सिंह राम रहीम को सुनायी जाने वाली सजा को देखते हुए सरसावा पुलिस ने हरियाणा सीमा पर कड़ी चौकसी बरती। पुलिस तथा पीएसी ने हरियाणा जाने तथा आने वाली सभी गाड़ियों की गहनता से चेकिंग की। आलम ये रहा कि पुलिस तथा पीएसी ने बसों को रोक कर सवारियों की भी तलाशी ली। दरअसल पुलिस को आशंका थी की यूपी में निवास करने वाले राम रहीम के समर्थक किसी भी प्रकार सिरसा पहुंचने का प्रयास करेंगे।
सोमवार को भी शाहजहांपुर चौकी पर पुलिस ने सघन चेकिंग अभियान चलाया। एसओ सरसावा सुधीर उज्ज्वल ने पुलिस तथा पीएसी के साथ हर एक गाड़ी को चेक किया। बसें रोक कर सवारियों की तलाशी ली तथा तथा ट्रकों की भी जांच की। एसओ ने बताया कि राम रहीम को सजा के एलान के बाद उनके समर्थकों द्वारा किसी भी प्रकार के उपद्रव को रोकने के लिये पुलिस पूरी तरह से सतर्क है। एसओ ने कहा कि यदि कोई शांति भंग करने का प्रयास करता है तो उससे सख्ती से निपटा जाएगा।