सहारनपुर। कोरोनारोधी टीकाकरण अभियान में बृहस्पतिवार को शहर और देहात के 104 बूथों पर टीकाकरण हुआ। बृहस्पतिवार को 8683 लोगों ने पहली तथा 709 लोगों ने केंद्रों पर पहुंचकर वैक्सीन की दूसरी डोज ली।
बृहस्पतिवार को सहारनपुर शहर के 27, सुन्हेटी खड़खड़ी, साढौली कदीम, रामपुर मनिहारान और गंगोह के छह-छह, पुवांरका, नागल और नानौता के सात-सात, मुजफ्फराबाद के आठ, सरसावा के दस, देवबंद के नौ और नकुड़ के पांच बूथों पर टीकाकरण हुआ। 1350 लोगों को दूसरी डोज दी जानी थी, मगर 709 ही लोग टीका लगवाने पहुंचे। उधर, पहली डोज के लिए 15100 लोगों के सापेक्ष 8683 लोगों ने टीका लगवाया। पहली डोज लगवाने वालों में 18 से 44 आयु वर्ग के लोगों की संख्या अधिक रही। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. सुनील कुमार वर्मा ने बताया कि टीकाकरण 11 और 12 जून को भी जारी रहेगा।
दस लोग संक्रमित मिले
सहारनपुर। जनपद में बृहस्पतिवार को दस लोगों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई। संक्रमितों में एसबीडी जिला अस्पताल परिसर के दो तथा बीतिया, हरड़ेकी, पवन विहार, जयनगर, कुंडी, सुन्हेटी खड़खड़ी, छापुर और बागपत का एक-एक व्यक्ति शामिल है। खास बात यह है कि 10 संक्रमितों में केवल दो लोग 50 वर्ष से अधिक के हैं। बाकी में एक बच्चा, दो किशोर और पांच युवा शामिल हैं। इनके साथ ही जनपद में कोरोना संक्रमितों की कुल संख्या 33020 हो गई है। उधर, बृृहस्पतिवार को 28 कोरोना मरीज ठीक हुए हैं। इनके बाद एक्टिव मरीज 358 रह गए हैं।