गंगोह (सहारनपुर)। मोहल्ला कुरैशियान में चौक पर एक ही जगह रखे चार ट्रांसफार्मरों में आग लग गई। ट्रांसफार्मरों में भीषण आग लगी देख वहां अफरा तफरी मच गई। फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पाया। मोहल्ला कुरैशियान चौक पर विद्युत विभाग ने घनी आबादी के बीच एक स्थान पर ही चार ट्रांसफार्मर रखे हुए हैं। मोहल्ले के लोगों के अनुसार एक ट्रांसफार्मर से काफी दिनों से धुआं निकल रहा था, जिसकी सूचना कई बार विभाग को दी जा चुकी थी। विभाग ने इस और कोई ध्यान नहीं दिया। सोमवार दोपहर एक ट्रांसफार्मर में आग लग गई, जब तक लोग कुछ समझ पाते तब तक आग ने वहां रखे अन्य ट्रांसफार्मरों को भी अपनी चपेट में ले लिया। ट्रांसफार्मर फटने के डर से लोग इधर-उधर भागने लगे। घटना की जानकारी पुलिस एवं फायर ब्रिगेड को दी गई। फायर बिग्रेड ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। तब तक तीन ट्रांसफार्मर जल चुके थे। इस दौरान कोई विद्युत अधिकारी वहां नहीं पहुंचा। मंगलवार को पवित्र रमजान का महीना आरंभ हो रहा है। ट्रांसफार्मर फुंकने से लोगों के सामने समस्या खड़ी हो गई है। लोगों ने शीघ्र ही ट्रांसफार्मर बदलवाने की मांग की है।