सहारनपुर। शहर के पंत विहार स्थित दिव्य ज्योति जागृति आश्रम में लोहड़ी पर्व धूमधाम से मनाया गया और कन्या बचाओ का संदेश दिया गया।
रविवार को आयोजित कार्यक्रम में श्री गुरु आशुतोष महाराज की शिष्या साध्वी मीना भारती ने कहा कि लोहड़ी का पर्व बेटियों को समर्पित है। समाज में जब किसी घर में बेटा पैदा होता है, तो खुशी में लड्डू बांटे जाते हैं और लोहड़ी मनाई जाती है। यदि बेटी पैदा हो जाए, तो न लोहड़ी मनाई जाती हैं ना खुशियां। इसकी वजह समाज में लड़का- लड़की अंतर है। कन्या भ्रूण हत्या भी इसी की वजह है। जबकि शास्त्रों ने नारी को सदैव पूजनीय बताया है। जहां नारी की पूजा होती है, वहां देवता निवास करते हैं। नारी ही विश्व की वह प्रथम नागरिक है, जो मनुष्य में सर्व प्रथम संस्कारों को रोपित करती है। छत्रपति शिवाजी, स्वामी विवेकानंद तथा राजा गोपीचंद जैसे महापुरुषों के उत्कृष्ट जीवन का आधार उनकी माता ही रहीं। कार्यक्रम के दौरान आश्रम में मौजूद लड़कियों ने लोहड़ी पर्व धूमधाम से मनाया और एक दूसरे को बधाई दी।