चिलकाना (सहारनपुर)। चार दिन पूर्व किशोरी को भगा ले जाने वाले आरोपी युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर चालान कर दिया है जबकि किशोरी को बरामद कर मेडिकल जांच के लिए भेज दिया है। उधर, बेटी के जाने के गम में रेल से कटकर आत्महत्या करने वाली उसकी मां के शव का भी बुधवार देर शाम अंतिम संस्कार कर दिया गया।
थाना प्रभारी एके सिंह ने बताया कि क्षेत्र के एक गांव की किशोरी को देहात कोतवाली के गांव टोपरी निवासी अजय कुमार पुत्र राजेश कुमार भगा कर ले गया था। किशोरी के पिता ने पुत्री को भगा ले जाने की तहरीर चिलकाना थाने में दी थी। बृहस्पतिवार सुबह चिलकाना पुलिस ने आरोपी युवक के घर दबिश देकर आरोपी युवक अजय को हिरासत में ले लिया। उसके साथ किशोरी को भी बरामद कर लिया गया। थाना प्रभारी ने बताया कि किशोरी को मेडिकल जांच के लिए भेजा गया है तथा आरोपी युवक का चालान किया गया है। थाना प्रभारी एके सिंह ने बताया कि जिस दिन किशोरी फरार हुई थी, उसके एक दिन बाद उसकी मां उसकी तलाश में घर से चली गई थी, जो वापस नहीं आई। किशोरी की मां की गुमशुदगी की रिपोर्ट थाना चिलकाना में दर्ज कराई गई थी, परंतु अगले ही दिन समाचार पत्रों के माध्यम से परिजनों को पता चला कि महिला सहारनपुर के टपरी जंक्शन पर रेल से कट गई है। पुलिस की मदद से परिजनों ने शव की पहचान कर ली तथा गत दिवस वे शव को गांव ले आए। बुधवार की देर शाम शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया। महिला की भी मौत से घर में कोहराम मचा है।