देवबंद (सहारनपुर)। रणखंडी गांव में दो दिन के भीतर दो लोगों की कैंसर से मौत हो जाने से ग्रामीणों में दहशत बनी हुई है। ग्रामीणों का कहना है कि गांव के बाहर से गुजर रहे नाले के कारण हैंडपंपों का पानी दूषित हो चुका है जो कैंसर जैसी बीमारी को जन्म दे रहा है।
बृहस्पतिवार को रणखंडी की बधाई पट्टी निवासी वीरेंद्र पुत्र कृपाल सिंह की कैंसर से मौत हो गई थी। वहीं शुक्रवार को गांव की पछाया पट्टी निवासी जीत (55) पुत्र लाल सिंह की भी कैंसर से मौत हो गई। दो दिन के भीतर दो लोगों की कैंसर से मौत होने पर ग्रामीणों में दहशत का माहौल बना हुआ है। शुक्रवार को रणखंडी पंचायत घर पर बैठक का आयोजन कर दो लोगों की कैंसर से मौत पर शोक प्रकट किया गया। इसके साथ ही ग्रामीणों से एकजुट रहने का आह्वान किया गया। शिक्षक मनोज कुमार ने कहा कि क्षेत्रीय विधायक के बहिष्कार को लेकर सभी गांव के लोग एकजुट हैं। इसका जवाब आगामी लोकसभा चुनाव में दिया जाएगा। पंचायत में निर्णय लिया गया कि यदि प्रशासन ने 26 नवंबर तक नाले की सफाई व खुदाई नहीं कराई तो 27 नवंबर को धरना प्रदर्शन किया जाएगा। ग्रामीण 2019 के लोकसभा चुनाव का बहिष्कार भी करेंगे। अध्यक्षता ठाकुर लाल सिंह व संचालन मनोज कुमार ने किया। इस मौके पर दिनेश फौजी, छोटू राणा, लखन सिंह, प्रवीण कुमार, जशमेर सिंह, रणबीर सिंह, राजेंद्र फौजी आदि मौजूद रहे।