खुफिया विभाग और पुलिस ने खंगाला रेलवे स्टेशन
सहारनपुर। अंबाला के स्टेशन डायरेक्टर को आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैय्यबा के नाम से 25 सितंबर को भेजे गए पत्र में अन्य स्टेशनों समेत सहारनपुर रेलवे स्टेशन को उड़ाए जाने की धमकी के चलते सुबह से ही पूरे स्टेशन पर चेकिंग की गई। स्टेशन के कोने-कोने की तलाशी ली गई। खुफिया विभाग के साथ जीआरपी और आरपीएफ की टीमों ने यात्रियों की तलाशी ली। स्टेशन पर पहुंची ट्रेनों में भी सामान को चेक किया गया।
सहारनपुर रेलवे स्टेशन एवं सहारनपुर के शाकंभरी मंदिर समेत कई स्थानों पर 20 अक्तूबर को बम विस्फोट करने की बात कहते हुए लश्कर-ए-तैय्यबा के एरिया कमांडर मौलवी अबू बुखारी के नाम से 25 सितंबर को अंबाला के स्टेशन डायरेक्टर को पत्र भेजा गया था। उसके बाद एक पत्र हरिद्वार में भी भेजा गया। जिसमें वही बात दोहराई गई थी। बार-बार मिल रही धमकी को गंभीरता से लेते हुए जीआरपी, आरपीएफ एवं खुफिया विभाग ने सहारनपुर रेलवे स्टेशन पर सुबह से ही कड़ी चेकिंग शुरू कर दी। रेलवे स्टेशन पर पहुंचने वाले सभी लोगों की तलाशी ली गई, यात्रियों के सामान को चेक किया गया। स्टेशन के अलावा प्रतीक्षालय में मौजूद यात्रियों की भी सघन चेकिंग की गई। जीआरपी, आरपीएफ के साथ एलआईयू की टीम ने स्टेशन का चप्पा-चप्पा खंगाला।
इसके अलावा रेलवे स्टेशन पर पहुंची ट्रेनों में भी टीम ने चेकिंग की। यात्रियों से सामान की तलाशी ली, साथ ही ट्रेनों में मौजूद यात्रियों से पूछताछ भी की। रेलवे स्टेशन पर जो कोच खड़े हुए थे, उनकी भी तलाशी ली गई। पूरे दिन चेकिंग चलती रही। सीओ जीआरपी अशोक दीक्षित ने बताया कि धमकी भरे पत्र मिलने के मद्देनजर चेकिंग की जा रही है। अभी तक कोई संदिग्ध नहीं मिल सका है। स्टेशन की सुरक्षा में कोई कमी नहीं होने दी जाएगी। टीमें लगातार स्टेशन की चेकिंग करती रहेंगी।