आफत बनकर आई तेज हवा के साथ आंधी
सहारनपुर। बृहस्पतिवार को सुबह तेज हवा के साथ हुई बारिश धान और गन्ना सहित अन्य फसलों के लिए नुकसानदेह साबित हुई है। जनपद में कई स्थानों पर हुई ओलावृष्टि ने नुकसान को ओर बढ़ा दिया है। बारिश के साथ आई तेज हवा के चलते गन्ना और धान सहित अन्य फसलों को जमीन पर गिरा दिया है। गिरे हुए धान की फसल में यदि दो तीन दिन पानी भरा रहा तो धान के काला पड़ने की आशंका है। इसके अलावा गन्ने की फसल भी नीचे गिर गई है। साथ ही अन्य फसलों के लिए भी ओलावृष्टि और तेज हवा के साथ आई बारिश नुकसानदेह साबित हुई है। कृषि उप निदेशक राजीव कुमार और जिला कृषि अधिकारी राम जतन मिश्र ने बताया कि प्रथम दृष्टया 10 से 15 प्रतिशत तक नुकसान की आशंका है। सर्वे की पूरी रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।
----------------
नुकसान के बारे में बीमा कंपनी को सूचित करें किसान
सहारनपुर। उप निदेशक कृषि राजीव कुमार सिंह और जिला कृषि अधिकारी राम जतन मिश्र ने बताया कि जनपद में तेज हवा के साथ हुई बारिश और कहीं कहीं ओलावृष्टि के चलते फसलों को नुकसान हुआ है। उन्होंने किसानों से अनुरोध किया कि वे फसल में क्षति की सूचना बीमा कंपनी के टोल फ्री नंबर पर तत्काल दे दें। इसका नंबर 1800-123-2310 है। इसके अलावा किसान कृषि विभाग के बेरी बाग और विकास भवन स्थित कार्यालय में भी सम्पर्क कर सकते हैं। तहसील सदर और बेहट के लिए ललित कुमार के मोबाइल नंबर 7311149446 पर और तहसील देवबंद, रामपुर मनिहारान एवं नकुड़ के किसान अमन कुमार के मोबाइल नंबर 7311149722 पर भी संपर्क किया जा सकता है।