पांचवें दिन सफाई कर्मियों की हड़ताल समाप्त, प्रशासन ने चार मांगें मानी
देवबंद (सहारनपुर)। विभिन्न मांगों को लेकर चल रही पालिका सफाई कर्मियों की हड़ताल प्रशासन के हस्तक्षेप से पांचवें दिन समाप्त हो गई। सफाई कर्मियों की सात में से चार मांगों को मान लिया गया। जिसके बाद नगर विकास कर्मचारी महासंघ ने हड़ताल समाप्त करने की घोषणा की।
नगर पालिका परिषद के सफाईकर्मी 10 जुलाई से अपनी मांगों को लेकर हड़ताल पर चल रहे थे। सातवें वेतन के बढ़े हुए एरियर का भुगतान कराने, ठेका कर्मचारियों को दो माह का वेतन दिलाने, गर्मी की वर्दी देने, रिटायर्ड कर्मचारियों का भुगतान कराने, संविदा सफाई कर्मचारियों का तीन माह का एरियर भुगतान कराने समेत आदि मांगों को पूरा करने की जिद पर अड़े सफाई कर्मचारियों ने ईओ और पालिकाध्यक्ष से हुई वार्ता में हड़ताल समाप्त करने से इंकार कर दिया था। जिस कारण नगर में चारों और गंदगी के ढेर लग गए थे। रविवार को एसडीएम ने नगर विकास कर्मचारी महासंघ से जुड़े लोगों को बुलाकर वार्ता की। सात में से चार मांगें मान लेने के बाद पांचवें दिन महासंघ ने अपनी हड़ताल को समाप्त कर दिया। एसडीएम रामविलास यादव ने बताया कि महंगाई भत्ते का 1 प्रतिशत एरियर जुलाई माह के वेतन में दिए जाने, वर्दी भत्ता देने, दो माह का रुका हुआ वेतन देने तथा ठेकेदारी प्रथा से वेतन देने से मुक्ति दिलाते हुए ई-ट्रांसफर के द्वारा वेतन देने की मांग मान ली गई है। साथ ही कर्मचारियों से बैंक में खाते खुलवाने के लिए कहा गया है। उधर, हड़ताल के चलते नगर में फैल रही गंदगी को साफ कराने के लिए पालिकाध्यक्ष जियाउद्दीन अंसारी ने शनिवार की देर रात में प्राइवेट सफाई कर्मचारियों से कूड़ा उठवाया।