गंगदासपुर के 10 लाख के बकायेदार को जेल भेजा
देवबंद (सहारनपुर)। पंजाब नेशनल बैंक की तलहेड़ी बुजुर्ग शाखा से लिया लाखों रुपये का ऋण अदा नहीं करने पर राजस्व विभाग की टीम ने बकाएदार को 14 दिनों के लिए जेल भिजवा दिया है।
तहसीलदार आशुतोष कुमार सिंह ने बताया कि गंगदासपुर निवासी राजकुमार पुत्र फूल सिंह ने चार साल पूर्व तलहेड़ी बुजुर्ग की पीएनबी शाखा से करीब 11.50 लाख रुपये का लोन लिया था। जिसमें से उसके द्वारा कुछ रकम जमा करा दी गई। लेकिन शेष 10 लाख 27 हजार 148 रुपये जमा नहीं किए गए। बैंक से उसे नोटिस भी जारी किया गया। शुक्रवार को उनके नेतृत्व में गठित राजस्व विभाग की टीम में शामिल संग्रह अमीन मुकेश कुमार, शिवकुमार, हेमंत जोशी, नरेंद्रपाल और वरुण शर्मा ने बकाएदार राजकुमार को पुलिस की मदद से गिरफ्तार कराकर 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। तहसीलदार ने बताया कि तहसील में और भी अन्य बड़े कई बकायेदार हैं। जिन पर उच्चाधिकारियों के आदेश के बाद कार्रवाई की जाएगी।