सहारनपुर। कुतुबशेर थाना क्षेत्र के एक गांव के लोगों ने डेढ़ महीने बाद भी पुलिस द्वारा अपहृत दलित युवती को बरामद नहीं किए जाने पर रोष जताया है। लोगों ने गांव का माहौल बिगड़ने की आशंका जताई है।
कुतुबशेर थाना क्षेत्र के एक गांव के व्यक्ति ने आरोप लगाया है 19 जनवरी को उसकी बेटी का घर जाते समय दूसरे समुदाय के कुछ लोगों ने अपहरण कर लिया था। उसी दिन उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दे दी थी और आरोपियों के खिलाफ एफआईआर भी दर्ज कराई। तब से लगातार पुलिस से अपनी बेटी को बरामद करने की मांग कर रहे हैं। लेकिन पुलिस ने इस मामले में अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की है। जबकि आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं। आरोपी आपराधिक प्रवृत्ति के हैं। इससे गांव में तनाव बना हुआ है। उन्होंने मांग की है कि शीघ्र ही उनकी बेटी को बरामद किया जाए। गांव में तनाव की स्थिति के चलते किसी भी दिन गांव का माहौल खराब हो सकता है। उन्होंने इस मामले में मानवाधिकार आयोग को भी शिकायती पत्र भेजा है।