छुटमलपुर (सहारनपुर)। भारतीय रिजर्व बैंक के बैंकिंग लोकपाल एचएस खतोलिया ने कहा कि ग्राहक अपने अधिकारों के प्रति जागरुक और सतर्क रहें। साथ ही बैंक में किसी भी स्तर पर सेवा में गुणवत्ता प्रभावित होने पर वे बैंकिंग लोकपाल से शिकायत कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि बैंक अफसरों के नाम से आने वाली फोन काल्स पर अपने खाते की गोपनीय जानकारी भी कतई न दें।
पीएनबी छुटमलपुर के तत्वावधान में आयोजित ग्राहक गोष्ठी में बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे एचएस खतोलिया ने कहा कि ग्राहक एटीएम के संचालन में सतर्कता बरतें। किसी को भी फोन पर अपना पिन न दें। साथ ही एटीएम कक्ष में किसी की भी मदद रुपये निकालने में न लें। एटीएम बदल कर खाते से रुपये निकलाने की घटनाएं लापरवाही की वजह से ही होती हैं। लाटरी और इनाम आदि के संदेशों को नजर अंदाज करें। उन्होंने कहा कि दस रुपये से सिक्के पूरी तरह प्रचलन में हैं। बैंक इन्हें लेने से मना न करें।
पीएनबी के मुजफ्फरनगर मंडल प्रमुख राजेंद्र सिंह राठौड ने कहा कि बैंक ग्राहकों के प्रति पूरी तरह समर्पित है। यदि कोई शिकायत होती है तो वे सीधे अफसरों से संपर्क कर सकते हैं। ग्रामीण बैंक के क्षेत्रीय प्रबंधक प्रभाकर शर्मा और जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक राजेश चौधरी ने कहा कि ऋण और अन्य समस्याओं के निदान के लिए बैंक बाहरी लोगों की बजाए बैंककर्मियों से संपर्क करें।
भारतीय रिजर्व बैंक के देहरादून कार्यालय से आईं प्रबंधक ममता गांधी ने भी ग्राहकों की शंकाओं का समाधान किया। इस मौके पर शाखा प्रबंधक शशांक भारद्वाज, फतेहपुर प्रबंधक सुनील कुमार, राजेश शर्मा, राजेश राणा एडवोकेट, संजय सैनी, राजकुमार, सुशील कुमार, सुनील कुमार, विक्की आदि मौजूद रहे।