सहारनपुर। आखिरकार एलएलबी के विद्यार्थियों का आंदोलन सार्थक हो ही गया। सीसीएस यूनिवर्सिटी ने अतिरिक्त कक्षाएं चलवाकर उक्त विद्यार्थियों की कक्षाओं में उपस्थिति 75 फीसदी से अधिक करने के निर्देश कॉलेज प्रशासन को दिए हैं। इतना ही नहीं, यूनिवर्सिटी इन विद्यार्थियों की विशेष सेमेस्टर परीक्षा भी कराएगा, जिससे उनको अगले सेमेस्टर में अन्य विद्यार्थियों के साथ दाखिला मिल सके।
जेवी जैन कॉलेज प्रशासन ने एलएलबी के अलग-अलग सेमेस्टर के 151 विद्यार्थियों को कक्षाओं में 75 फीसदी से कम उपस्थिति होने की वजह से कॉलेज से बाहर कर दिया था। तब से यह विद्यार्थी आंदोलन करते आ रहे हैं। भूख हड़ताल तक कर चुके हैं। मामले के लगातार उठने से यूनिवर्सिटी ने एक जांच समिति बनाई थी। जांच समिति ने कॉलेज पहुंचकर विभागाध्यक्ष और शिक्षकों से हकीकत जानी थी। साथ ही पीड़ित विद्यार्थियों का भी पक्ष सुना था। इसके बाद टीम ने करीब एक महीने पहले जांच रिपोर्ट यूनिवर्सिटी को सौंप दी थी। उसके बाद भी पीड़ित विद्यार्थी लगातार अपनी मांग पर कायम थे। कॉलेज ने यूनिवर्सिटी को विद्यार्थियों के भविष्य के हित में सहानुभूति पूर्वक निर्णय लेने की मांग की थी। यूनिवर्सिटी ने विद्यार्थियों की मांग को मान लिया है।
इसके बाद यूनिवर्सिटी ने पांच जनवरी को कॉलेज को एक पत्र जारी करते हुए पीड़ित विद्यार्थियों के लिए अतिरिक्त कक्षाएं चलवाकर उनकी उपस्थिति 75 फीसदी कराने के निर्देश दिए हैं। यूनिवर्सिटी का कहना है कि इन विद्यार्थियों के लिए अलग से विशेष सेमेस्टर परीक्षाएं कराई जाएंगी, जिससे वह भी अन्य विद्यार्थियों के साथ अगले सेमेस्टर में दाखिला पा सकें। यूनिवर्सिटी के निर्णय से विद्यार्थियों में खुशी की लहर है। सागर कुमार, आरिफ हुसैन, उमंग जैन, सन्नी सैनी, अंकुर कपिल, अंकित सैनी, वनिता सैनी, नेहा जैमिनी, सुमित चौधरी, शिवम बजाज, दिशांत, सोनम, मिनाक्षी, कीर्ति, समरीन, विकास ने खुशी व्यक्त की।
सोमवार से चलेंगी अतिरिक्त कक्षाएं
यूनिवर्सिटी के निर्देश के बाद कॉलेज प्रशासन ने कदम उठाना शुरू कर दिया है। विभागाध्यक्ष को अतिरिक्त कक्षाओं की व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं। विभाग ने सोमवार आठ जनवरी से कक्ष संख्या नौ, 10 और 11 में प्रतिदिन सुबह नौ बजे से दोपहर 10 बजे तक अतिरिक्त कक्षाओं का आयोजन करेगा, जिससे पूरा पाठ्यक्रम छह सप्ताह में पूरा कराया जा सके। प्रतिदिन पांचों कोड के पाठ्यक्रम के लिए पांच कक्षाएं संपादित की जाएंगी।
विद्यार्थियों के भविष्य को देखते हुए यूनिवर्सिटी ने उनके लिए अतिरिक्त कक्षाएं चलवाकर उपस्थिति पूर्ण कराने और विशेष सेमेस्टर परीक्षाएं कराने का निर्णय लिया है। इस संबंध में यूनिवर्सिटी का पत्र भी मिल गया है। निर्देश का अनुपालन कराया जा रहा है। संबंधित विद्यार्थियों को चाहिए कि वह इस बार एक भी क्लास से गैरहाजिर न रहें, क्योंकि इसके बाद कोई मौका नहीं मिलेगा।
- डॉ. पीके वार्ष्णेय, प्राचार्य।