सहारनपुर। मंडलायुक्त दीपक अग्रवाल ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वह राजस्व वसूली में तेजी लाएं। उन्होंने कहा कि राजस्व वसूली में किसी भी स्तर पर लापरवाही क्षम्य नहीं होगी। उन्होंने राजस्व वसूली में लापरवाही बरतने के लिए जिला आबकारी अधिकारी सहारनपुर के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गलत ढंग से वाहन चलाकर दुर्घटना करने वाले वाहन चालकों के लाइसेंस निरस्त किए जाएं। ओवर लोडिंग करने वाले वाहनों के विरुद्ध अभियान चलाकर कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
सर्किट हाउस सभागार में शुक्रवार को कर-करेत्तर मंडलीय राजस्व टास्क फोर्स समिति व चकबंदी कार्यों एवं वादों की प्रगति की समीक्षा के दौरान उन्होंने कहा, बार-बार निर्देश दिए जाने के बाद आबकारी विभाग सहारनपुर द्वारा राजस्व में वृद्धि ना करने पर जिला आबकारी अधिकारी सहारनपुर के निलंबन की शासन से संस्तुति किए जाने के निर्देश दिए। राजस्व वसूली में लापरवाही बरतने के लिए जिला आबकारी अधिकारी सहारनपुर को जिलाधिकारी पीके पांडेय ने हाल ही में प्रतिकूल प्रविष्टि दी थी। उन्होंने कहा कि राजस्व वसूली में लापरवाही करने वाले अधिकारियों के विरुद्ध अब कठोर कार्रवाई की जाएगी। मंडलायुक्त ने स्टांप एवं पंजीयन विभाग के अधिकारियों को भी निर्देश दिये कि वे राजस्व वसूली में तेजी लाये। उन्होंने परिवहन विभाग को निर्देश दिए कि और अधिक तेजी से लक्ष्य के अनुरूप राजस्व वसूली करें। उन्होंने कहा कि आरटीओ कार्यालय को पूरी तरह दलाल मुक्त किया जाये। मंडलायुक्त ने चकबंदी के कार्यों पर संतोष व्यक्त करते हुए निर्देश दिए कि पांच वर्ष से अधिक के लम्बित वादों को अभियान चलाकर निस्तारित करें। उन्होंने कहा कि जिन प्रकरणों में स्टे मिला हुआ है। ऐसे प्रकरणों को चिह्नित कोर्ट में प्रभावी कार्रवाई की जाए। इस अवसर पर जिलाधिकारी सहारनपुर पीके पांडेय, मुजफ्फरनगर जीएस प्रियदर्शी, अपर आयुक्त आभा गुप्ता, उदई राम, वन आयुक्त सुनील कुमार दूबे, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व सहारनपुर विनोद कुमार, मुजफ्फरनगर एसके सिंह मुख्य विकास अधिकारी शामली रेनू तिवारी सहित परिवहन, स्टाम्प एवं पंजीयन, वाणिज्य कर, आबकारी तथा चकबंदी सहित सभी मण्डल स्तर के अधिकारी मौजूद थे।