100 मीटर में सबसे तेज दौड़ा अभिषेक
छुटमलपुर। ठाकुर चंद्रपाल सिंह प्राइवेट आईटीआई में रविवार को खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इस मौके पर अव्वल आने वाले प्रतिभागियों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
प्रतियोगिता का शुभारंभ चेयरमैन ठा. सूर्यकांत सिंह ने गुब्बारे उड़ा कर किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन प्रतिभाओं को मंच प्रदान करते हैं। यहां से वे अपनी प्रतिभा में निखार कर प्रदेश, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना सकते हैं। इसके बाद आयोजित हुई प्रतियोगिताओं में कबड्डी में किंग ग्रुप ने आर्या ग्रुप को हरा कर ट्राफी जीती। 100 मीटर दौड़ में अभिषेक, मेहरबान, प्रिंस कुमार ने पहले तीन स्थान प्राप्त किए। रंगोली के लिए सोनम, संगीता, पारुल की टीम ने प्रथम, शबिस्ता, असमां, वरीशा इरफान की टीम ने द्वितीय और शालू एवं रीतू की टीम ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। मेहंदी में रीतू अव्वल आई। सुलेख में वरीशा इरफान ने प्रथम, बवनेश ने द्वितीय और शाबिस्ता अंसारी ने तृतीय, जीके में बवनेश ने प्रथम, प्रिंस ने द्वितीय और सचिन ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
प्रधानाचार्य केडी सिंह सैनी ने विजेताओं को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। इस मौके पर निशांत कांबोज, मुकुल कुमार, मोहित कुमार, गौरव कुमार आदि मौजूद रहे।