चंद कदम दौड़कर हांफ गए कई थानेदार
सहारनपुर। एसएसपी के टेस्ट में कई थाना प्रभारी फेल हो गए। कप्तान ने पुलिस लाइन के मैदान में थानाध्यक्षों की दौड़ लगवा दी। कई थानेदार कुछ कदम दौड़कर ही हांफ गए। इससे पूर्व एसएसपी ने क्राइम मीटिंग में थाना प्रभारियों को जमकर लताड़ लगाई।
रविवार को एसएसपी बबलू कुमार ने पुलिस लाइन के मनोरंजन कक्ष में जनपद के 22 थानों के प्रभारियों, सभी सर्किल के सीओ, एसपी सिटी और एसपी देहात के साथ क्राइम मीटिंग की। पुलिसिंग में लापरवाही बरतने पर कोतवाली देवबंद, गंगोह और थाना गागलहेड़ी प्रभारी की एसएसपी ने क्लास लगाते हुए जमकर फटकार लगाई। इसके अलावा अन्य थाना प्रभारियों को भी अपनी कार्य प्रणाली में सुधार करने की ताकीद की। उन्होंने कहा कि लंबित पड़े मामलों को तत्काल प्रभाव से निस्तारित कराएं। पिछले दिनों हुई वारदातों का खुलासा किया जाए। इसके बाद एसएसपी ने सभी थाना प्रभारियों की वर्दी, बाल, नाखून, दांत चेक किए और थाने के वाहन में दंगा नियंत्रण उपकरण देखे। कई थाना प्रभारियों की वर्दी पूरी नहीं मिली और ना ही वाहन में दंगा नियंत्रण उपकरण दिखे। इन थाना प्रभारियों की एसएसपी ने जमकर क्लास ली। तत्पश्चात कप्तान ने सभी थाना प्रभारियों को पुलिस लाइन के परेड ग्राउंड में बुलवा लिया। वहां पर थाना प्रभारियों से ग्राउंड में दौड़ लगवाते हुए चार-चार चक्कर लगवाए गए, लेकिन कई थानेदार चंद कदम चलकर ही हांफ गए। एसएसपी ने थाना प्रभारियों को निर्देश दिए कि वह अपनी बॉडी को फिट कर लें। मोटे थानेदारों को वजन करने की सलाह दी। एसएसपी बबलू कुमार ने बताया प्रत्येक रविवार थाने संबंधित हर चीज की जांच की जाएगी। लापरवाही किसी सूरत में बर्दाश्त नहीं होगी।