देवबंद (सहारनपुर)। नन्हेड़ा आसा गांव के राशन डीलर ने इस माह सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में राशन का वितरण किए जाने की नई पहल की है। उसका तर्क है कि इससे वह झूठी शिकायतें करने वालों की पोल खोल सकेगा।
नन्हेड़ा आसा गांव के राशन विक्रेता ओमकुमार ने बताया कि कुछ लोग राशन और मिट्टी तेल आदि लेने के बाजवूद भी उसके खिलाफ झूठी शिकायतें करते हैं। जिसके चलते उसकी बदनामी तो होती है साथ ही उसे जांचों से गुजरना पड़ता है। इसके लिए उसने नई पहल की शुरुआत की है। उसने डिपो पर सीसीटीवी कैमरे लगवाए हैं। जिसके चलते इस माह का राशन सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में किया जाएगा। ताकि कोई भी उस पर किसी प्रकार का झूठा आरोप न लगा सके। ओमकुमार का कहना है कि इससे पूर्व गांव के कई लोग राशन लेने के बावजूद उस पर आरोप लगा चुके हैं कि वह राशन का वितरण नहीं करता।