नानौता (सहारनपुर)। म्यांमार (बर्मा) में रोहिंग्या मुसलमानों पर हो रहे जुल्म के विरोध में जमीयत उलेमा ए हिंद की ब्लॉक इकाई ने शुक्रवार को प्रदर्शन किया। इसके बाद राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजकर जुल्म रोकने के लिए म्यांमार सरकार पर दबाव बनाने तथा रोहिंग्या शरणार्थियों को भारत में रखने की अपील की गई।
जुमा की नमाज के बाद मुहल्ला शेखजादगान स्थित जामा मस्जिद से जमीयत उलेमा ए हिंद के सदर मौलाना जिक्रिया सिद्दीकी, शिया धर्मगुरु मौलाना तसुव्वर हुसैन जौहरी, मौलाना हिदायत हुसैन, निवर्तमान चेयरमैन अफजाल खान, सभासद सरफराज अख्तर आदि के नेतृत्व में मुस्लिम एकत्र हुए। उन्होंने म्यांमार में रोहिंग्या मुस्लिमों के ऊपर हो रहे जुल्म के विरोध में नारेबाजी करते हुए जुलूस निकाला। जुलूस चंदी चौक, जबडान चौक, गंगोह रोड, नगर के दिल्ली-यमुनोत्री हाईवे से होते हुए सड़क किनारे एक मैदान में पहुंचा। वहां जमीयत उलेमा ए हिंद के सदर व नगर पंचायत के निवर्तमान चेयरमैन अफजाल खान ने राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री तथा प्रदेश के मुख्यमंत्री के नाम एक ज्ञापन थानाध्यक्ष राजेंद्र सिंह को सौंपा।