रोहिंग्या मुस्लिमों को देश से बाहर निकालने की मांग
गंगोह (सहारनपुर)। विश्व हिंदू परिषद द्वारा देववृंद क्षेत्र से आए 108 कार्यकर्ताओं के लिए 24 घंटे का प्रशिक्षण वर्ग चलाया गया। इसके अलावा परिषद ने पुलिस के माध्यम से राष्ट्रपति को ज्ञापन भेजकर गैर कानूनी तरीके से भारत में घुसे रोहिंग्या मुस्लिमों को देश से बाहर निकालने की मांग की है।
रामबाग स्थित सरस्वती शिशु मंदिर में आहूत प्रशिक्षण वर्ग में कार्यकर्ताओं को आने वाले समय के उद्देश्यों की जानकारी दी गई। संगठन के जिला देववृंद के सभी प्रखंडों के उपखंडों में समितियां बनाए जाने का कार्य जल्द पूरा करने का संकल्प लिया गया। इसके बाद कार्यकर्ता शिव चौक पहुंचे और रोहिंग्या मुस्लिमों से संबंधित एक ज्ञापन पुलिस के माध्यम से राष्ट्रपति को प्रेषित किया गया। ज्ञापन में कहा कि म्यांमार से विस्थापित होकर बांग्लादेश से असम के रास्ते लगभग 90 हजार दंगाई रोहिंग्या मुस्लिम गैर कानूनी तरीके से भारत में प्रवेश कर चुके हैं। इनमें से 40 हजार से अधिक जम्मू एवं कश्मीर में रह रहे हैं। जम्मू कश्मीर में इन्हें अलगाववादी संगठनों का समर्थन मिल रहा है। इससे कश्मीर समस्या और अधिक गंभीर हो जाएगी। आरोप लगाया कि इन लोगों को वहां स्थाई निवासी बनाकर बसाया जा रहा है और कुछ राष्ट्र विरोधी संगठन इनके रहन-सहन की व्यवस्था कर आने वाले समय में भारत के लिए अघोषित युद्ध की तैयारी में जुटे है। ज्ञापन में रोहिंग्या मुस्लिमों को देश से बाहर निकालने की मांग की गई है। प्रांत प्रमुख बालेश्वर, जिला अध्यक्ष मांगेराम टरडक, महामंत्री बृजेश राणा, तरुण राणा, तरसपाल, सचिन, विपिन गर्ग, संदीप, अजीत सिंह, आशीष चौधरी, अंकित गुप्ता, अंकित ऐरन, अंकित नामदेव, रामपाल सिंघल, अमन त्यागी, आशीष रोड, सुरेश नामदेव आदि मौजूद रहे।