सहारनपुर। चार दिन से लगातार हो रही बारिश ने ढमोला के जलस्तर को बढ़ा दिया हे। लगातार बढ़ रहे जलस्तर से ढमोला नदी के किनारे पर रहने वालों में खलबली मच गई है। दूसरी नदियों के पानी को ढमोला में छोड़े जाने की अफवाह ने लोगों के होश उड़ा दिए। यहां तक कि कुछ लोगों ने समान भी उठाकर दूसरी मंजिल पर रखना शुरू कर दिया।
सहारनपुर में चार दिन से लगातार हो रही बारिश ने नदियों के जलस्तर को बढ़ा दिया है। कई नदियां उफान पर पहुंच चुकी है। बेहट क्षेत्र की नदियों का पानी सड़कों पर बह रहा है। यमुना का भी जलस्तर काफी बढ़ चुका है। बारिश के चलते ढमोला नदी का भी जलस्तर बढ़ने लगा तो ढमोला नदी के किनारे रहने वाले लोगों में दहशत फैल गई। बुधवार को किसी ने अफवाह फैला दी कि ढमोला में उफान पर चल रहीं दूसरी नदियों के पानी को मोड़ दिया गया है। जिससे नदी के किनारे रहने वालों में अफरातफरी मच गई। लोगों ने अपने निचले मंजिल पर रखे सामान को दूसरी मंजिल पर पहुंचाना शुरू कर दिया। कुछ लोगों ने अपना कीमती सामान दूसरी जगह ही शिफ्ट कर दिया। यहां तक कि नदी के जलस्तर को लेकर अधिकारियों से भी फोन से संपर्क करने का प्रयास किया गया।
इस मामले में अपर जिलाधिकारी वित्त एसके दुबे का कहना है कि ढमोला में कहीं से भी पानी नहीं छोड़ा गया है। लेकिन बारिश से कुछ जलस्तर जरूर बढ़ा है। फिर भी अभी तक खतरा वाली कोई बात नहीं है।