कार सवार नशेड़ी युवकों ने रुकवाई स्कूल की बस, हंगामा
बेहट (बागपत)। कार सवार तीन युवकों ने एक स्कूल बस को रुकवा लिया और उसके चालक को पकड़कर गाली-गलौज करने लगे। इससे बस में सवार स्कूली बच्चों में चीख-पुकार मच गई। बच्चों के चिल्लाने की आवाज सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने एक युवक को दबोच लिया, जबकि दो भाग निकले। इसके बाद सूचना 100 नंबर डायल और कोतवाली पुलिस मौकेे पर पहुंची। कार समेत पकड़े गए युवक को हिरासत में लेकर पुलिस कोतवाली ले आई। स्कूल संचालक की तरफ से घटना की तहरीर कोतवाली में दी गई है।
कोतवाली पुलिस को दी गई तहरीर में उसंड रोड स्थित राइज इंग्लिश एकेडमी के संचालक विशेष सैनी ने बताया कि सोमवार की दोपहर में एक बजे स्कूल की छुट्टी होने के बाद उनकी स्कूल बस का चालक सुरेश त्यागी बच्चों को बस में लेकर जा रहा था। गांव दबकौरा के पास पहले से ही सड़क पर आल्टो कार आड़ी तिरछी खड़ी करके खड़े तीन युवकों ने बस को रुकवा लिया और बस में चढ़कर चालक के साथ गाली-गलौज करने लगे। इससे बच्चों ने शोर मचा दिया। बच्चों के चीखने-चिल्लाने की आवाज सुनकर आसपास खेतों में काम कर रहे ग्रामीण मौके पर पहुंचे और एक युवक को दबोच लिया, जबकि उसके दो साथी भाग निकले। इसके बाद ग्रामीणों की सूचना पर 100 डायल एवं कोतवाली पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और पकड़े गए युवक को हिरासत में ले लिया। इसके बाद पुलिस कार को कब्जे में लेकर कोतवाली ले आई। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक वेदप्रकाश गिरि ने बताया कि तीनों युवक शराब के नशे में थे। तहरीर मिल गई है। कार्रवाई की जाएगी।