ट्रैक्टर ट्राली से टकराए बाइक सवार, दो की मौत
छुटमलपुर (सहारनपुर)। रविवार की रात फतेहपुर-कलसिया मार्ग पर बाग में खाना देकर बाइक से घर लौट रहे तीन युवक सड़क पर खराब खड़ी ट्रैक्टर ट्राली से टकरा गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि तीसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मौके पर पहुंचे परिजन शवों को बिना किसी कार्रवाई के घर ले गए और सोमवार की सुबह गमगीन माहौल में उन्हें सुपर्दे खाक कर दिया गया। जबकि घायल को अस्पताल भर्ती कराया गया है।
फतेहपुर थाना क्षेत्र के गांव खुजनावर निवासी 16 वर्षीय शारिक पुत्र नसीर, 17 वर्षीय शाहरुख पुत्र मंजूर व 15 वर्षीय आसिफ पुत्र यूसुफ बाइक द्वारा रविवार की रात आठ बजे बाग में खाना देने के लिए गए थे। वहां से रात साढे़ नौ बजे घर लौटते समय ग्राम मांडूवाला के मंदिर के समीप उनकी बाइक सड़क किनारे खड़ी सेटरिंग के सामान से भरी ट्रैक्टर ट्राली से टकरा गई। इसमें शारिक और शाहरुख की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि आसिफ गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे की खबर लगते ही परिजनों में कोहराम मच गया और गांव के सैकड़ों लोग मौके पर पहुंच गए। परिजन मृतकों के शवों को बिना किसी कार्रवाई के अपने साथ घर ले गए। जबकि आसिफ को गंभीर हालत में सहारनपुर भर्ती कराया गया। सोमवार सुबह 11 बजे गमगीन माहौल में उन्हें सुपुर्द ए खाक कर दिया गया। जिस ट्रैक्टर ट्राली से हादसा हुआ वह भी खुजनावर गांव की ही थी। बाइक सवारों में किसी ने भी हेलमेट नहीं पहन रखा था। यदि हेलमेट होता तो जान बच सकती थी। उधर एसओ ने बताया कि मामले में कोई तहरीर नहीं आई है। यदि तहरीर आती तो कार्रवाई की जाती।