टीकाकरण अभियान के लिए जागरूकता रैली निकाली
सहारनपुर। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) की ओर से रविवार को टीकाकरण अभियान की जागरूकता के लिए रैली निकाली गई। इसमें शामिल लोगों ने नगरवासियों को अपने नौ माह से 15 वर्ष तक के बच्चों केे मिजिल्स रुबेला का टीका लगवाने की अपील की।
आईएमए भवन हकीकत नगर से सुबह साढ़े सात बजे रैली निकाली गई। आयोजन के मुख्य अतिथि डीएम आलोक कुमार पांडेय, विशिष्ट अतिथि सीएमओ डा. बीएस सोढ़ी रहे। यह रैली आईएमए भवन से शुरू होकर पार्श्वनाथ प्लाजा, कोर्ट रोड, घंटाघर से होकर वापस आईएमए भवन पहुंची। डीएम आलोक कुमार पांडेय ने कहा कि नियमित टीकों के साथ ही स्वास्थ्य को बेहतर रखने के लिए हमें हर समय सजग रहना चाहिए। सीएमओ डॉ. बीएस सोढी ने मिजिल्स रुबेला के लिए लगाए जाने वाले टीके के बारे में बताया। उन्होंने टीके को पूरी तरह सुरक्षित बताया।
आईएमए के अध्यक्ष डॉ. एसके शर्मा ने कहा कि बेहतर स्वास्थ्य के लिए सैर करना सबसे लाभदायक होता है। उन्होंने लोगों को स्वस्थ्य रहने का टिप्स दिए। इस दौरान डॉ. उदयराज सिंह, डॉ. एसएस लूथरा, डॉ. वीके भार्गव, डॉ. एसके वार्ष्णेय, डॉ. अरविंद चौधरी, डॉ. आनंद, डॉ. संजीव मित्तल, डॉ. डीके तिवारी, डॉ. नीरज आर्या, डॉ. अनुपम मलिक, डॉ. प्रदीप अनेजा, डॉ. अरुणा अनेजा, डॉ. रामानंद आदि मौजूद रहे।