गागलहेड़ी (सहारनपुर)। अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार दंपति की मौके पर मौत हो गई जबकि उनकी तीन साल की बेटी ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। सूचना पर आए परिजन बिना किसी कार्रवाई के शवों को अपने साथ ले गए। बेहद गमगीन माहौल में शवों को सपुर्दे खाक कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार गागलहेड़ी थाने के गांव बेरी जमा निवासी 35 वर्षीय मुमताज पुत्र रसीद अपनी पत्नी रूबी तथा तीन साल की बच्ची अलफीसा के साथ ससुराल नागल थाने के गांव रूपड़ी आया हुआ था। शुक्रवार की सुबह नौ बजे वे बाइक से अपने गांव वापस जा रहे थे। जैसे ही ये लोग कोलकी गांव के पास पहुंचे तो अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। वाहन के नीचे कुचले जाने से मुमताज और उसकी पत्नी रूबी की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि बेटी गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल अलफीसा को ग्रामीणों ने सहारनपुर सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया जहां पर उसकी भी इलाज के दौरान मौत हो गई। जैसे ही उनकी मौत की खबर परिजनों को लगी तो वहां कोहराम मच गया। बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर पहुंच गए। परिजनों द्वारा लिखित में कोई भी कार्रवाई न करने के लिए दिए जाने के बाद शवों को पंचनामा भरकर उन्हें सौंप दिया गया। दुपहर बाद बेहद गमगीन माहौल में तीनों शवों को सपुर्दे खाक कर दिया गया।
यहां यह उल्लेखनीय है कि इस दंपति की बड़ी चार साल की बेटी भी है जिसे उसकी बुआ ने गोद लिया हुआ है। परिवार के तीन सदस्यों की मौत के बाद गांव में दिन भर मातम पसरा रहा। ज्यादातर घरों में चूल्हे तक नहीं जले। थानाध्यक्ष सरिता सिंह ने बताया कि परिजनों द्वारा कोई कार्रवाई न किए जाने के लिए लिख कर दिया गया था। ऐसे में शव बिना पीएम के उन्हें सौंप दिए गए। सरिता सिंह ने बताया कि मुमताज ने हेलमेट नहीं लगा रखा था।