दो पट्टों पर जल्द खनन शुरू करने की तैयारी
सहारनपुर। निर्माण कार्यों के लिए महंगा रेत खरीदने वालों के लिए अच्छी खबर है। जिले में नीलाम किए गए पांच में से दो पट्टों पर जल्द ही खनन करने की तैयारी शुरू कर दी गई है। मार्च में नीलाम किए गए पट्टों में एक पर सुप्रीम कोर्ट का स्टे है और दो की जनसुनवाई के लिए जिला प्रशासन, प्रदूषण और खनन अनुभाग की एक कमेटी बनाई गई है जबकि 32 अन्य पट्टों के लिए आनलाइन नीलामी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
जनपद में मार्च में आनलाइन नीलाम किए रहना, नुनियारी, कालूवाला जहानपुर, दरिया बरामद और ढिक्का कलां स्थित पट्टों की आनलाइन नीलामी हुई थी। इसमें रायल्टी की पहली किश्त के तौर पर खनन अनुुुभाग ने 47 करोड़ रुपये भी तभी जमा करा लिए थे। इसके बाद इनमें से एक पट्टे पर सुप्रीम कोर्ट से स्टे हो गया था जबकि दो पट्टों पर जनसुनवाई होनी है। जिला खान अधिकारी पंकज कुमार सिंह ने बताया कि रहना और नुनियारी स्थित खनन प्वाइंट पर प्रदूषण विभाग से अनापत्ति प्रमाणपत्र मिलने पर खनन शुरू हो जाएगा। उन्होंने बताया कि जिले में 32 अन्य खनन पट्टों की नीलामी करने के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इन पट्टों की नीलामी भी आनलाइन की जाएगी। इसमें पूरी तरह पारदर्शिता रखी जाएगी।