गंगोह (सहारनपुर)। मिजल्स रुबेला वायरल संक्रमण के कारण होने वाली शिशुओं एवं बच्चों की मृत्युदर रोकने के लिए 26 नवंबर से नौ माह से 15 साल तक के बच्चों के लिए विशेष टीकाकरण अभियान चलाया जाएगा। बृहस्पतिवार को विधायक प्रदीप चौधरी ने इसके लिए प्रचार अभियान का शुभारंभ किया।
आगामी 26 नवंबर से शुरू होने जा रहे टीकाकरण अभियान में नागरिकों की शत प्रतिशत सहभागिता सुनिश्चित करने को सार्वजनिक स्थलों एवं स्कूलों में प्रचार अभियान चलाया जाना है। विधायक प्रदीप चौधरी द्वारा प्रचार अभियान का शुभारंभ किया गया। डीएमसी कॉर्डीनेटर नितिन खन्ना, सीएचसी प्रभारी डा. अनवर अंसारी, बीएमसी गौरव शर्मा, दीपक कुमार के अलावा सभासद नीरज अग्रवाल, भाजयुमो नेता गगन गर्ग, उद्योग एवं व्यापार प्रतिनिधि मंडल सचिव विकास मित्तल, दृष्टि एक प्रयास के संस्थापक अध्यक्ष डॉ. अमित गर्ग, श्याम सिंह पंवार आदि मौजूद रहे। अभियान के दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मदरसा अशरफ उल उलूम रशीदिया के नाजिम अब्दुल खालिद सैफुल्लाह से मिलकर संक्रामक रोगों की रोकथाम के लिए सरकार द्वारा चलाये जाने वाले अभियान में सहयोग की अपील की। डा. अंसारी ने बताया कि देश में प्रतिवर्ष दो लाख शिशुओं की मिजल्स खसरा रोग से जान चली जाती है। उन्होंने बताया कि उक्त वैक्सीन का बाजार मूल्य लगभग साढे़ चार हजार रुपये है। जबकि स्वस्थ शिशु स्वस्थ राष्ट्र अभियान के तहत 09 माह से 15 साल तक के शत प्रतिशत बच्चों को सरकार के सौजन्य से उक्त टीके निशुल्क लगवाए जाएंगे।